धर्मशाला, 27 जनवरी। जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि जिला प्रशासन कांगड़ा जिला वासियों को सुगम सेवाएं देने के ध्येय के साथ काम में तत्पर है। इसके लिए जिले में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के सदुपयोग और लोक उपयोगी ऐप्स बनाने जैसी पहलों पर फोकस किया जा रहा है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों ई-कैच ऐप के विकास के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर धर्मशाला लौटे डॉ. निपुण जिंदल शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. खुशाल शर्मा, सेटलमेंट अधिकारी गंधर्वा राठौड़, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर, जिला सूचना अधिकारी भूपेंद्र पाठक और सहायक जिला सूचना प्रौद्योगिकी अधिकारी अक्षय मेहता उनके साथ रहे।


आईटी क्षेत्र में भारत में सर्वश्रेष्ठ चुनावी पहल
बता दें, जिलाधीश एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. निपुण जिंदल को हिमाचल विधानसभा निर्वाचन 2022 में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अभिनव पहल और बेहतरीन उपयोग के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है। उन्हें कांगड़ा जिले में चुनाव व्यय निगरानी के डिजिटलीकरण के लिए एप्लिकेशन ई-कैच विकसित करने और उसका बेहतरीन उपयोग तय बनाने के लिए यह सम्मान दिया गया। इस पहल की नवीनता और दक्षता के कारण इसे आईटी क्षेत्र में पूरे भारत में सर्वश्रेष्ठ चुनावी पहल घोषित किया गया है। डॉ. निपुण जिंदल ने इसे लेकर भारत चुनाव आयोग का आभार जताया और कांगड़ा जिले की समस्त जनता और चुनाव प्रक्रिया में सहयोगी रहे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद करते हुए बधाई दी है।


ई-सेवाओं से जिला वासियों को अधिकतम सहूलियत प्रदान करने पर जोर
डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि जनता को अधिकतम सहूलियत प्रदान करने में सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग पर जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन की कोशिश है कि इस दिशा में नई पहलें कर लोक सुविधा और सेवा में सुगमता तय बनाई जाए। इसके अलावा प्रशासन ने विभागीय प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कई आईटी इंटरवेंशन की हैं। जन उपयोग की सेवाओं के लिए भी आईटी की मदद से प्रयास किए गए हैं। पहले भी अपना कांगड़ा ऐप सहित अन्य उपयोगी ऐप्स विकसित की गई हैं। आगे इस दिशा में और बल दिया जाएगा।

By admin

Leave a Reply