उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में बाल विकास परियोजना विभाग सोलन द्वारा कांगड़ा हमीरपुर मैत्री सभा के सभागार में आयोजित ज़िला स्तरीय महिला दिवस कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने समारोह में उपस्थित महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैसे तो यह दिवस 8 मार्च को मनाया जाता है, लेकिन किन्हीं अपरिहार्य कारणों से महिला दिवस को आज मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग व जागरूक करना है ताकि महिलाएं आर्थिक व सामाजिक रूप से और सशक्त हो सके। महिलाओं को शिक्षा के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए क्योंकि आर्थिक रूप से सशक्त महिला ही समाज में अहम भूमिका निभाती है।

कृतिका कुलहरी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके लिए समय-समय पर अनेकों योजनाएं आरम्भ की गई हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वह शक्ति है जो कठिन से कठिन कार्य भी कर सकती हैं। महिलाएं न केवल हर क्षेत्र में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिला कर कार्य कर रहीं हैं अपितु ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है जहां महिलाओं ने अपनी जीत का परचम न लहराया हो। उन्होंने कहा कि महिलाएं शिक्षा, खेल तथा राजनीतिक क्षेत्र में भी पुरूषों से आगे हैं। पंचायती राज संस्थाओं में महिला पदाधिकारियों की संख्या बढ़ रही है और पंचायतों तथा क्षेत्र के विकास में अग्रणी कार्य कर रहीं है।

उपायुक्त ने इस अवसर पर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम के अन्तर्गत ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ विषय पर स्थापित हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्य कानूनी सहायता काउंसिल के अधिवक्ता अजय शर्मा ने पोक्सो एक्ट तथा यौन शोषण जैसे निंदनीय अपराध से पीड़ित महिलाओं को एक्ट के माध्यम से प्रदान की जाने वाली सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान आईसीडीएस विभाग द्वारा महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता, मटका फोड़ और गुब्बारा फुलाना प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। इसके अतिरिक्त गोद भराई रस्म का आयोजन भी किया गया जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा गर्भवती महिलाओं को उपहार स्वरूप फलों की टोकरी प्रदान की गई। ज़िला में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और लड़कियों को विभाग द्वारा सम्मानित भी किया गया।

इससे पूर्व जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र नेगी ने उपायुक्त सोलन तथा उनकी माता उर्मिला कुलहरी को शाल व टोपी पहना कर स्वागत किया, तथा महिलाओं के कल्याण के लिए विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की।

By admin

Leave a Reply