शिमला 01 अगस्त, 2022 मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जिला चम्बा के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के भलेई में जनसभा को संबोधित करते हुए डलहौजी के बाथरी मेें खंड विकास अधिकारी कार्यालय खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सदैव सभी क्षेत्रों के सन्तुलित एवं समान विकास पर बल दिया है और किसी भी क्षेत्र से इस आधार पर भेदभाव नहीं किया कि वहां का प्रतिनिधित्व भाजपा द्वारा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के कारण विश्व भर को चुनौतिपूर्ण समय का सामना करना पड़ा है लेकिन राज्य सरकार ने इसके बावजूद विकास की गति को निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए सकारात्मक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पांच दशकों से समय तक सत्तासीन रही राजनैतिक पार्टी आज विलुप्त होने के कगार पर है लेेकिन उसी पार्टी के नेता आज राज्य में पुनः सत्ता में आने के स्वप्न देख रहे हैं।

जय राम ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी की बेरोजगार यात्रा को केवल लोगों को भ्रमित करने का माध्यम बताते हुए कांग्रेस को बेरोजगारी की समस्या के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों के समक्ष सही तथ्य को प्रस्तुत कर इस भ्रामक प्रचार का मंुहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य ध्येय प्रदेश का विकास है जिसमें राजनैतिक प्रतिशोध का कोई स्थान नहीं है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सदैव ही राज्य को हर संभव मदद प्रदान की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को 800 करोड़ रुपये की विशेष सहायता प्रदान करने के अलावा 10,000 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को भी मंजूरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि विकास की गति को निर्बाध बनाए रखने के लिए केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकारें आवश्यक हैं।
इसके बाद, मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध भलेई माता मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) के अध्यक्ष और स्थानीय भाजपा नेता डी.एस. ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विकासात्मक मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल के दौरान डलहौजी क्षेत्र का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस दौरान निर्वाचन क्षेत्र में 50 बिस्तर क्षमता का नागरिक चिकित्सालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अग्निशमन केंद्र, राजकीय महाविद्यालय खोलने के अलावा अनेक अन्य विकासात्मक परियोजनाएं कार्यान्वित की हैं।
भाजपा मंडलाध्यक्ष डलहौजी विजय कुमार ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए निर्वाचन क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रसिद्ध भलेई माता मंदिर को राज्य सरकार के नियंत्रण में लाने का भी आग्रह किया।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. हंस राज, विधायक पवन नैय्यर और जिया लाल कपूर, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति निगम के उपाध्यक्ष जय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर नागपाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

%d