धर्मशाला, भारत के 74वें गणतंत्र दिवस पर धर्मशाला समेत संपूर्ण कांगड़ा जिला बासंती रंगों में खिला दिखा। इस उपलक्ष्य पर पुलिस मैदान धर्मशाला में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व होमगार्ड की महिला तथा पुरुष टुकडि़यों और एनसीसी के कैडेट्स द्वारा निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। प्रो. चन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी का दिन सभी भारतवासियों के लिए एक गौरवमयी दिवस है। वर्ष 1950 को इसी दिन भारत का महान संविधान प्रभावी हुआ था और देश में लोकशाही का स्वप्न साकार हुआ। उन्होंने संविधान निर्माताओं के साथ-साथ सभी स्वतंत्रता सेनानियों के तप, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए नमन किया, साथ ही देश की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने में प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने सराहनीय सेवाओं के लिए भारतीय सेनाओं व पुलिस के जवानों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि संविधान सभी देशवासियों को बिना किसी भेदभाव के विकास एवं उत्थान के समान अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की शक्ति संविधान में ही निहित है।

बलिदानी वीरों और उनके परिवारों के सम्मान में नहीं छोड़ेंगे कोई कसर
प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है तथा प्रदेश के युवा सुरक्षा बलों व सैन्य बलों में सेवा करना अपनी शान समझते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सैनिकों तथा भूतपूर्व सैनिकों के परिवारों को सुविधाएं प्रदान के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा परमवीर चक्र व अशोक चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर तीन लाख रुपये, महावीर चक्र व कीर्ति चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर दो लाख रुपये, वीर चक्र व शौर्य चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर एक लाख रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं की बेटियों को शादी के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युद्ध अथवा अन्य सैन्य ऑपरेशन में शहीद सैनिकों के आश्रितों को 20 लाख रुपये तथा अपंग हुए सैनिकों को पांच लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

%d