धर्मशाला, 08 जुलाई। धर्मशाला में पर्यावरण संरक्षण तथा पौधारोपण के लिए नगर वन योजना के तहत दो करोड़ की राशि व्यय की जाएगी। यह जानकारी विधायक विशाल नैहरिया ने हरियाली महोत्सव-2022 का धर्मशाला के कालापुल में शुभारंभ करने के उपरांत दी। इस दौरान पौधारोपण भी किया गया।
    विधायक विशाल नैहरिया ने कहा कि धर्मशाला क्षेत्र में इको टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं तथा इसी के दृष्टिगत इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर कार्य चल रहा है। विधायक विशाल नैहरिया ने कहा कि पौधारोपण जरूरी है। सभी नागरिकों को पौधारोपण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी जीवन सुरक्षित होगा। विधायक विशाल नैहरिया ने कहा कि आगामी दिनों में पौधारोपण के लिए जन अभियान आरंभ किया जाएगा जिसमें हर जगह पौधारोपण किया जाएगा इस के लिए वन विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं ताकि धर्मशाला को और भी सुदंर बनाया जा सके। विधायक विशाल नैहरिया ने कहा कि स्कूलों में भी इको क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया जा रहा है। इससे पहले डीएफओ संजीव शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए हरियाली उत्सव 2022 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण नाग सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply